भारत में अंडा उत्पादन
देश में प्रोटीन के तौर पर अंडे की खपत बढ़ती जा रही है, अब लोग राशन की तरह ही अंडे का भी सेवन कर रहे हैं। इसके साथ ही अच्छी कमाई होने के चलते अंडे के उत्पादन में भी लगातार वृद्धि हो रही है। रविवार 26 नवम्बर के दिन राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री परषोत्तम रूपाला ने देश में अंडा उत्पादन को लेकर आकंडे जारी किए। यह आँकडें पशु एकीकृत नमूना सर्वेक्षण (मार्च 2022 से फरवरी 2023) पर आधारित हैं।
आँकड़ो में सबसे अधिक अंडा उत्पादन के मामले में आन्ध्र प्रदेश ने बाज़ी मारी है। बता दें कि यह आँकड़े वार्षिक एकीकृत नमूना सर्वेक्षण (आईएसएस) के परिणामों के आधार पर लगाया जाता है, जो देश भर में तीन मौसमों यानी गर्मी (मार्च–जून), बरसात (जुलाई–अक्टूबर) और सर्दी (नवंबर–फरवरी) में आयोजित किया जाता है।
देश में कितने अंडे का उत्पादन हुआ?
केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2022-23 में देश में कुल अंडा उत्पादन 138.38 बिलियन होने का अनुमान है। वर्ष 2018-19 के दौरान 103.80 बिलियन अंडों के उत्पादन के अनुमान की तुलना में वर्ष 2022-23 के दौरान पिछले 5 वर्षों में 33.31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा, वर्ष 2021-22 की तुलना में वर्ष 2022-23 के दौरान उत्पादन में 6.77 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई है। पूर्व में वर्ष 2018-19 में वार्षिक वृद्धि दर 9.02 प्रतिशत; वर्ष 2019-20 में 10.19 प्रतिशत; वर्ष 2020-21 में 6.70 प्रतिशत और वर्ष 2021-22 में 6.19 प्रतिशत थी।
इन राज्यों में होता है सबसे अधिक अंडे का उत्पादन
देश में साल दर साल अंडे के उत्पादन में वृद्धि हो रही है इसमें सबसे अधिक वृद्धि दर पश्चिम बंगाल में (20.10 प्रतिशत) दर्ज की गई और उसके बाद सिक्किम (18.93 प्रतिशत) और उत्तर प्रदेश (12.80 प्रतिशत) का स्थान आता है। अब बात करते हैं देश में अंडा उत्पादन में किस राज्य का योगदान सबसे अधिक है :-
- आंध्र प्रदेश – देश के कुल अंडा योगदान में हिस्सेदारी 20.13 प्रतिशत,
- तमिलनाडु – देश के कुल अंडा योगदान में हिस्सेदारी 15.58 प्रतिशत,
- तेलंगाना – देश के कुल अंडा योगदान में हिस्सेदारी 12.77 प्रतिशत,
- पश्चिम बंगाल – देश के कुल अंडा योगदान में हिस्सेदारी 9.94 प्रतिशत,
- कर्नाटक – देश के कुल अंडा योगदान में हिस्सेदारी 6.51 प्रतिशत।
देश के यह 5 राज्य मिलकर लगभग 65 फीसदी अंडे का उत्पादन करते हैं। यानी के शेष अन्य राज्य भारत में कुल अंडा उत्पादन का मात्र 35 प्रतिशत ही योगदान देते हैं।