मध्य प्रदेश में किसानों को प्रमाणित और उन्नत बीज उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल की जा रही है। ग्लूटेन फ्री गेहूं, हाइब्रिड मक्का और उद्यानिकी फसलों के बीज के उत्पादन एवं बिक्री का विस्तार किया जाएगा। खास बात यह है कि ग्लूटेन फ्री गेहूं और अन्य बीजों को निजी क्षेत्र की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत कीमत पर उपलब्ध कराने की जानकारी मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बीज उत्पादक एवं विपणन संघ की संचालक मंडल की बैठक में दी गई है।
सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने निर्देश दिए हैं कि ग्लूटेन फ्री गेहूं के बीज को उपभोक्ता संघ के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए उपभोक्ता सहकारी संघ और अन्य संस्थानों के साथ एमओयू करने का निर्णय लिया गया है। सरकार का प्रयास है कि किसानों तक प्रमाणित, हाइब्रिड और उद्यानिकी फसलों के बीज आसानी से पहुंच सकें।
50% कम कीमत पर मिलेंगे हाइब्रिड और सब्जी बीज
बैठक में बीज संघ के प्रबंध संचालक एम.के. दीक्षित ने विभागीय बिंदु प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य बीज संघ द्वारा हाइब्रिड मक्का, सब्जियों एवं स्वास्थ्यवर्धक ग्लूटेन फ्री गेहूं के बीज का उत्पादन एवं विपणन किया जा रहा है।
निजी बाजार की तुलना में इन उन्नत बीजों को आधी दरों (50% डिस्काउंट) पर किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। संचालक मंडल ने इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि:
- MOU निष्पादन: ग्लूटेन फ्री गेहूं और सब्जी बीजों की सुगम बिक्री के लिए उपभोक्ता सहकारी संघ एवं अन्य प्रमुख शासकीय संस्थानों के साथ औपचारिक एमओयू (MoU) हस्ताक्षरित किए जाएं।
- हाईब्रिड फसलों का विस्तार: प्रदेश में अधिक से अधिक हाइब्रिड फसलों का बीज उत्पादन कार्यक्रम हाथ में लिया जाए।
अब बिजनेस मॉडल पर काम करेगा बीज संघ
सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने जोर देकर कहा कि बीज संघ अब पारंपरिक ढर्रे से बाहर निकलकर पूर्ण व्यावसायिक सोच (Business Module) के साथ आगे बढ़े।
बीज संघ को व्यावसायिक रूप से प्रतिस्पर्धी और मजबूत बनाने के लिए मंत्री ने निम्नलिखित बड़े प्रशासनिक निर्देश दिए:
- 6 महीने में नया भवन: बीज संघ मुख्यालय कार्यालय के लिए अन्यत्र स्थान पर नया भवन लेने की मंजूरी दी गई है। मंत्री ने 6 माह के भीतर सभी कागजी व प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर नया ऑफिस स्थापित करने के आदेश दिए।
- आउटसोर्स CA और बायलॉज रिव्यू: वित्तीय गतिविधियों के सटीक मूल्यांकन के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की सेवाएं ली जाएंगी। साथ ही संघ के बायलॉज का अध्ययन कर आवश्यक संशोधन हेतु विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों की एक विशेष कमेटी गठित की जाएगी।
- सोशल मीडिया एजेंसी होगी हायर: बीज संघ की गतिविधियों, योजनाओं और सस्ते बीजों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए एक पेशेवर सोशल मीडिया एजेंसी हायर की जाएगी।
किसानों और कर्मचारियों के लिए भी अहम फैसले
बैठक में बीज संघ के व्यवसाय विविधीकरण (Business Diversification) पर विशेष जोर दिया गया, जिससे प्रदेश के कृषकों को प्रमाणित, हाइब्रिड और उद्यानिकी फसलों की सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे आसानी से मिल सकें।
इसके अलावा, आगामी आमसभा में प्रस्तुत किए जाने वाले एजेंडों को मंजूरी देने के साथ-साथ बीज संघ में कार्यरत कर्मचारियों के कल्याण हित में भी कई सकारात्मक निर्णय लिए गए।