Weather Update: नवम्बर महीने के लिए वर्षा का पूर्वानुमान
जलवायु परिवर्तन का असर देश के मौसम पर दिखने लगा है। इस वर्ष मानसून किसानों के लिहाज से अच्छा नहीं रहा है, जिसके चलते कई जिले सूखे का सामना कर रहे हैं। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग IMD ने नवंबर महीने के लिए वर्षा एवं तापमान के लिए पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो नवम्बर महीने में पूरे देश में वर्षा सामान्य होने वाली है तो वहीं यदि तापमान की बात करें तो वह सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार नवम्बर 2023 के दौरान पूरे देश में मासिक वर्षा भी सामान्य एलपीए का 77-123 प्रतिशत होने की संभावना है। इस दौरान प्रायद्वीपीय भारत के दक्षिणी भाग के कुछ क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में उत्तर भारत, पूर्व मध्य भारत और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। देश के शेष हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
इन राज्यों में होगी अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और माहे वाले दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में नवंबर 2023 में मासिक वर्षा सामान्य होने की संभावना है।

वहीं जैसा कि चित्र में दर्शाया नीले रंगों से दर्शाये गए क्षेत्रों जिसमें जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी छत्तीसगढ़, उड़ीसा, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों में सामान्य या उससे अधिक वर्षा हो सकती है। देश के शेष हिस्सों जो कि चित्र में पीले रंगों से दर्शाये गये हैं में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
नवम्बर महीने में कैसा रहेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है। वहीं देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। इसी प्रकार देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
कुल मिलाकर यदि बात की जाए तो नवम्बर महीना पिछले वर्षों की तुलना में अधिक गर्म रहने वाला है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि इसका फसल उत्पादन पर कितना प्रभाव पड़ता है। खासकर जबकि इस वर्ष देश के जलाशयों में पानी तेजी से कम हो रहा है।