देश में दूध उत्पादन
भारत दुनिया में सबसे अधिक दूध उत्पादन वाला देश बन गया है। दुनिया में नंबर वन बनाने में देश के कई राज्यों का महत्व पूर्ण योगदान है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने रविवार 26 नवम्बर के दिन आँकड़े जारी कर बताया कि देश में दुग्ध उत्पादन में सबसे अधिक योगदान देने वाले टॉप 5 राज्य कौन से हैं। बता दें कि 26 नवम्बर के दिन श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की याद में “राष्ट्रीय दुग्ध दिवस” मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय दुग्ध दिवस कार्यक्रम का आयोजन पशुपालन और डेयरी विभाग द्वारा गुवाहाटी में किया गया।
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के दिन केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री परषोत्तम रूपाला ने गुवाहाटी में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पशु एकीकृत नमूना सर्वेक्षण मार्च 2022 से फरवरी 2023 पर आधारित बुनियादी पशुपालन आंकड़े 2023 जारी किए।
देश में कितना दूध उत्पादन होता है?
केंद्रीय मंत्री रूपाला ने बताया कि वर्ष 2022-23 के दौरान देश में कुल दुग्ध उत्पादन 230.58 मिलियन टन अनुमानित है, जिसमें पिछले 5 वर्षों में 22.81 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो वर्ष 2018-19 में 187.75 मिलियन टन थी। इसके अलावा, वर्ष 2021-22 के अनुमान से वर्ष 2022-23 के दौरान उत्पादन 3.83 प्रतिशत बढ़ गया है। इससे पहले वर्ष 2018-19 में वार्षिक वृद्धि दर 6.47 प्रतिशत; वर्ष 2019-20 में 5.69 प्रतिशत; वर्ष 2020-21 में 5.81 प्रतिशत और वर्ष 2021-22 में 5.77 प्रतिशत थी।
इन राज्यों में होता है सबसे अधिक दूध उत्पादन
पशुपालन एवं डेयरी मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक वृद्धि दर (एजीआर) पिछले वर्ष की तुलना में सबसे अधिक वार्षिक वृद्धि दर कर्नाटक (8.76 प्रतिशत) में दर्ज किया गया, इसके बाद पश्चिम बंगाल (8.65 प्रतिशत) और उत्तर प्रदेश (6.99 प्रतिशत) का स्थान रहा। वहीं वर्ष 2023 में दूध उत्पादन में आगे रहे यह राज्य:-
- उत्तर प्रदेश– देश के कुल दूध उत्पादन में हिस्सेदारी 15.72 प्रतिशत,
- राजस्थान – देश के कुल दूध उत्पादन में हिस्सेदारी 14.44 प्रतिशत,
- मध्यप्रदेश – देश के कुल दूध उत्पादन में हिस्सेदारी 8.73 प्रतिशत,
- गुजरात – देश के कुल दूध उत्पादन में हिस्सेदारी 7.49 प्रतिशत,
- आंध्र प्रदेश – देश के कुल दूध उत्पादन में हिस्सेदारी 6.70 प्रतिशत।