Monsoon Update 28 June 2026: उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों के लिए मौसम विभाग (IMD) से एक बड़ी अपडेट सामने आई है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मानसून के पहुंचने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। पिछले 4-5 दिनों से मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है, जिससे कई इलाकों में उमस और गर्मी बढ़ गई है।
आइए जानते हैं मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक मानसून अब तक कहां पहुंचा है और अगले 2-3 दिनों में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है।
इस जगह पर आकर अटक गया है मानसून
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) पिछले 4-5 दिनों से एक ही जगह पर टिकी हुई है। 23 जून के बाद से इसमें कोई खास प्रगति नहीं देखी गई है। फिलहाल मानसून गुजरात के सूरत, मध्य प्रदेश के इंदौर और मंडला, झारखंड के डाल्टनगंज, और बिहार के मोतिहारी में अटका हुआ है। यही वजह है कि यूपी और राजस्थान के कई इलाकों में प्री-मानसून की सुस्त गतिविधियों के कारण गर्मी का प्रकोप जारी है।
अगले 2 से 3 दिनों में इन राज्यों में आगे बढ़ेगा मानसून
मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि मानसून ज्यादा दिनों तक शांत नहीं रहने वाला। IMD के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों के भीतर:
- उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी बचे हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।
- इसी दौरान मानसून उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी दस्तक दे सकता है।
इसके बाद, अगले 3 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी रफ्तार को और तेज करेगा। इसके यूपी, उत्तराखंड के बचे हुए हिस्सों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में तेजी से आगे बढ़ने की पूरी संभावना है।
अगले 24 घंटे का वेदर अलर्ट: कहीं भारी बारिश तो कहीं ‘लू’ का टॉर्चर
मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं कुछ राज्यों में अभी भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा।
इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का ‘Red Alert’
पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अगले 5 दिनों तक मूसलाधार बारिश (7 से 20 सेमी तक) का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए इन राज्यों में रेड अलर्ट घोषित किया है:
- अरुणाचल प्रदेश
- असम और मेघालय
- उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम
इन राज्यों में ‘Orange Alert’ और भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले 24 घंटे में झमाझम बारिश होने के आसार हैं:
केरल, माहे, कोंकण और गोवा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, गुजरात, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना, विदर्भ, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश हो सकती है।
यूपी में अगले 2 दिन चलेगी ‘लू’ (Heatwave Warning)
एक तरफ जहां देश का बड़ा हिस्सा बारिश से भीग रहा है, वहीं उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को अभी गर्मी की मार झेलनी होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान इन क्षेत्रों में उष्ण लहर (लू) चलने की आशंका है, इसलिए दोपहर के समय बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतें।
तेज हवा-आँधी और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल सिक्किम सहित कई राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवाएँ चलने, आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।