Home किसान समाचार राज्य के पशुपालकों को किया गया सम्मानित, 405 पशुपालकों को दी गई...

राज्य के पशुपालकों को किया गया सम्मानित, 405 पशुपालकों को दी गई 51 लाख 50 हजार रुपये की राशि

pashupalan puraskar

पशुपालक सम्मान समारोह में 405 पशुपालकों को किया सम्मानित

किसानों एवं पशुपालकों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने हेतु राज्यों एवं केंद्र सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसके तहत प्रगतिशील किसानों एवं पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जाता है | अभी हाल ही में देशभर से चयनित पशुपालकों को “गोपाल रत्न पुरस्कार” दिया गया था | इसी तर्ज पर राजस्थान सरकार ने भी राज्य के प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय योजना शुरू की है, जिसके तहत किसानों एवं पशुपालकों को राज्य स्तर, जिला स्तर एवं पंचायत समिति स्तर पर सम्मानित किया गया है |

कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री लालचंद कटारिया ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पशुधन के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशानुरूप पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मान योजना के रूप में नवाचार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत दुग्ध संकलन पर 2 रुपए प्रति लीटर की दर से अनुदान दिया जा रहा है।

405 प्रगतिशील पशुपालकों को किया गया सम्मानित

राजस्थान में राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया | कार्यक्रम के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित 405 प्रगतिशील पशुपालकों को सम्मानित किया गया है। राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाले 2 पशुपालकों को 50-50 हजार रुपए, जिला स्तर पर सम्मानित होने वाली सात महिला पशुपालकों सहित 68 पशुपालकों को 25-25 हजार रुपए तथा पंचायत समिति स्तर पर सम्मानित होने वाली 32 महिला पशुपालकों सहित 335 पशुपालकों को 10-10 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरुप प्रदान की गयी है।

हर वर्ष किया जायेगा सम्मानित

शासन सचिव पशुपालन, डॉ. आरूषी मलिक ने कहा कि किसानों की तरह पशुपालकों को भी उनके क्षेत्र में मान-सम्मान मिले। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने पशुपालकों के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने की बजट में घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पशुपालन के क्षेत्र में नवाचार कर पशुधन उत्पादन के नए आयाम स्थापित करने वाले प्रगतिशील पशुपालकों का चयन कर हर वर्ष सम्मानित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के अन्य पशुपालक भी प्रेरित हों और पशुधन विकास में अहम भागीदारी निभा सकें।

इन किसानों को दिया गया 50 हजार रुपये का पुरस्कार

राज्य स्तर पर बीकानेर जिले के सुरेन्द्र कुमार एवं सीकर जिले के पशुपालक सुभाष चन्द को शासन सचिवालय के कॉन्फ्रेन्स हॉल में पशुपालन मंत्री श्री लालचन्द कटारिया द्वारा प्रशस्ति पत्र तथा 50-50 हजार रुपए की राशि पारितोषिक स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया गया है। जिला स्तर पर संभागीय आयुक्त एवं कलेक्टर ने पशुपालकों को सम्मानित किया। राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह में प्रदेश के 405 पशुपालकों को 51.50 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई।

Notice: JavaScript is required for this content.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
यहाँ आपका नाम लिखें

Exit mobile version