महिला किसानों की कृषि में भागीदारी सुनिश्चित करने एवं खेती-बाड़ी से जुड़ी नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार महिला किसानों को प्रशिक्षण देने जा रही है। महिला किसानों को यह प्रशिक्षण एक दिन के लिए दिया जाएगा। इसके लिए सरकार ने वर्ष 2024-25 के लिए सभी जिलों हेतु लक्ष्य जारी कर दिया हैं। इस संबंध में दौसा जिले के संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) डॉ. प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले को प्राप्त एक दिवसीय महिला कृषक प्रशिक्षण के भौतिक लक्ष्य सहायक कृषि अधिकारी एवं कृषि पर्यवेक्षकों को ग्राम पंचायतवार आवंटित कर विभागीय दिशा निर्देश अनुसार प्रशिक्षण आयोजित करने हेतु निर्देश प्रदान किए गए हैं।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए क्या करना होगा?
ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले एक दिवसीय महिला कृषक प्रशिक्षण में भाग लेने वाली महिला किसान स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक एवं सहायक कृषि अधिकारी से संपर्क कर प्रशिक्षण में भाग लेने हेतु अपना नाम प्रशिक्षण आयोजन तिथि से 07 दिन पहले लिखवा सकती हैं। प्रशिक्षण में भाग लेने वाली सभी महिलाओं का साक्षर होना आवश्यक है एवं कृषि कार्य करने हेतु भूमि होना आवश्यक है। प्रशिक्षण का आयोजन ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा, एक प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत क्षेत्र की कुल 30 साक्षर महिला किसानों को शामिल किया जाएगा। प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा खेती-बाड़ी से जुड़ी नवीनतम तकनीकी जानकारी एवं कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
महिला किसानों को प्रशिक्षण में दी जाएगी यह जानकारी
कृषि अधिकारी (प्रशिक्षण) दौसा अशोक कुमार मीना ने बताया कि राज्य योजना के अन्तर्गत आयोजित होने वाले एक दिवसीय महिला कृषक प्रशिक्षण में विभाग के अधिकारियों द्वारा महिला किसानों को किचन गार्डन, खरीफ व रबी फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट-रोगों के नियंत्रण की जानकारी, खरीफ एवं रबी फसलों की उन्नत कृषि विधियों की जानकारी व कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा संचालित अनुदान की योजनाओं यथा कांटेदार तारबंदी, फार्म पौंड, सिंचाई पाइप लाइन, कृषि यंत्र, नेपियर घास, परंपरागत कृषि विकास योजना, चाफ कटर, रिज एंड बेड मेकर, फव्वारा संयंत्र, पोली हाउस, शेड नेट हाउस, सोलर संयंत्र, नवीन फलदार बगीचा स्थापना एवं सुपर कंपोस्ट, वर्मी कंपोस्ट, गर्मी की गहरी जुताई के बारे में जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण में महिलाओं को कृषि से जुड़ी नवीनतम तकनीकों की जानकारी देकर कृषि के क्षेत्र में महिलाओं को और अधिक जागरूक किया जाएगा। जिससे कृषि विभाग की योजनाओं से जिले की अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जा सके। प्रशिक्षण के बाद महिला किसानों द्वारा योजनाओं को खेती-बाड़ी में अपनाया जाएगा, जिससे महिला किसानों की कृषि आय में भी बढ़ोतरी हो सकेगी।