मुख्यमंत्री ने बताया फसल नुकसान एवं पशु हानि होने पर किसानों को दिया जाएगा इतना मुआवजा 

फसल नुकसान होने पर मुआवजा

बीते कुछ दिनों से देश के कई राज्यों में बेमौसम बारिश एवं ओला वृष्टि से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इस नुकसान की भरपाई बीमित किसानों को फसल बीमा योजना के तहत एवं जिन किसानों का बीमा नहीं है उन किसानों को अन्य योजना की तहत की जाएगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विभिन्न ज़िलों में हो रही बारिश एवं ओला वृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान जायज़ा लिया साथ ही किसानों को राहत देने के लिए कई घोषणाएँ भी की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कर राहत राशि प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार संकट की घड़ी में किसानों के साथ है। उन्हें हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी। किसानों को राहत राशि के अलावा फसल बीमा योजना का लाभ भी दिलाया जायेगा।

50 प्रतिशत से अधिक फसल नुक़सान होने पर दी जाएगी शत प्रतिशत राशि 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में फसल क्षति की राहत राशि बाँटने में मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य है। भारत के अन्य राज्यों में किसानों को इतनी अधिक राशि प्रदान नहीं की जाती है। प्रदेश में फसलों का 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान को शत-प्रतिशत मान कर राहत राशि प्रदान की जाती है। 

गेहूँ, चना और मसूर की 50 प्रतिशत से ज्यादा फसल नुकसान होने पर प्रति हेक्टेयर 32 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। फसल बीमा का कार्य भी साथ में चलेगा। राहत राशि जो किसी अन्य राज्य में नहीं मिलती, वह मध्यप्रदेश सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने फसलों का सर्वे सेटेलाइट से भी करवाने के निर्देश दिए हैं।

पशु हानि होने पर कितना मुआवजा दिया जाएगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बिजली गिरने से जन हानि होने पर परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। गाय-भैंस की मृत्यु पर 37 हजार रुपए, भेड़-बकरी पर 4 हजार रुपए, बछिया पर 20 हजार रुपए और मुर्गा-मुर्गी की हानि पर 100 रुपए प्रत्येक के मान से राहत राशि दी जाएगी। मकानों को हुई क्षति पर भी सहायता दी जाएगी।

किसानों से क़र्ज़ वसूली की तारीख़ बढ़ाई जाएगी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसान बिल्कुल भी चिंतित न हो। पीड़ित किसानों की कर्ज वसूली की तारीख तो बढ़ाई ही जायेगी साथ ही ब्याज भी सरकार ही भरेगी और अगली फसल के लिए भी जीरो प्रतिशत ब्याज पर लोन दिलाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी के लिए तारीख भी बढ़ाई जाएगी। प्रभावित किसान परिवारों की बेटी की शादी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 56 हजार की राशि देकर करवाई जायेगी।

सम्बंधित लेख

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
यहाँ आपका नाम लिखें

Stay Connected

217,837FansLike
500FollowersFollow
866FollowersFollow
54,100SubscribersSubscribe

Latest Articles

ऐप इंस्टाल करें