छत्तीसगढ़ में इस वर्ष रबी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए 19.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न रबी फसलों की बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरूद्ध अब तक 7.56 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं, चना, मटर, मक्का, अलसी सहित विभिन्न रबी फसलों की बोनी हो चुकी हैं, वहीं 0.92 लाख क्विंटल बीज और 0.82 लाख मीट्रिक टन रासायनिक खाद का वितरण किया जा चुका है।
19.25 लाख हेक्टेयर में की जानी है रबी फसलों की बुआई
कृषि विभाग के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वर्ष 2024-25 में रबी फसलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष विभिन्न रबी फसलों की बोनी के लिए 19.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरूद्ध अब तक 7.56 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं, चना, मटर, मक्का, अलसी सहित विभिन्न रबी फसलों की बोनी हो चुकी हैं, जो लक्ष्य का 39 प्रतिशत है। जबकि पिछले वर्ष के लिए 19.19 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि रबी वर्ष 2024-25 के लिए 2.89 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके विरूद्ध 1.45 लाख क्विंटल बीज का भण्डारण कर 0.92 लाख क्विंटल बीज का वितरण किया गया है जो कुल भंडारण का 63 प्रतिशत है। इसी प्रकार इस वर्ष 4.65 लाख मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरूद्ध 4.02 लाख मीट्रिक टन भंडारण कर 0.82 लाख मीट्रिक टन खाद वितरण किया जा चुका है जो कुल भंडारण का 21 प्रतिशत है।