देश में किसानों को कृषि क्षेत्र की नई तकनीकों से अवगत कराने के साथ ही उन्नत बीज, किसानों को खेती-किसानी में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए कृषि मेलों का आयोजन किया जाता है। ऐसे में पूसा कृषि मेले की राह देख रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर आई है। पूसा विश्वविद्यालय ने वर्ष 2025 के लिए कृषि मेले के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। पूसा संस्थान नई दिल्ली में कृषि मेले का आयोजन 24 से 26 फरवरी के दौरान 3 दिनों के लिए किया जाएगा।
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) पूसा, नई दिल्ली द्वारा इस वर्ष कृषि मेले का आयोजन “उन्नत कृषि-विकसित भारत” विषय पर किया जाएगा। इस मेले में प्रतिवर्ष देश के विभिन्न भागों से 1 लाख से अधिक किसान, उद्यमी, राज्यों के अधिकारीगण, छात्र एवं अन्य उपयोक्ता भाग लेते हैं। मेले से किसान विश्वविद्यालय द्वारा उन्नत किस्मों के बीज, कृषि यंत्र आदि सामग्री खरीद भी सकेंगे। साथ ही मेले में के कुछ मुख्य आकर्षण इस प्रकार है:-
कृषि मेले का मुख्य आकर्षण इस प्रकार है:
- कृषि योजनाओं की जानकारी,
- फसल विविधीकरण एवं समेकित कृषि प्रणाली,
- मूल्य संवर्धन से महिलाओं में उद्यमिता विकास,
- कृषि विपणन एवं निर्यात,
- डिजिटल कृषि,
- किसानों के नवाचार आदि।
मेले में स्टॉल लगाने के लिए कर सकते हैं आवेदन
कृषि मेले के संस्थान द्वारा विभिन्न विषयों पर स्टॉल लगाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें प्रमुख आकर्षण में फसलों की जीवंत प्रदर्शन, फूलों और सब्जियों की संरक्षित खेती, गमलों में खेती, ऊर्ध्वाधर (वर्टिकल) खेती; मिट्टी एवं पानी की जाँच, कट-फ्लावर, विदेशी सब्जियों, उन्नत किस्म के फलों, कृषि प्रकाशनों के लिए स्टॉल शामिल हैं। जो भी व्यक्ति, संस्थान या प्रगतिशील किसान इस मेले में स्टॉल लगाना चाहते हैं वे आवेदन कर सकते हैं।
किसानों को दिया जाएंगे पुरस्कार
खेती-किसानी, पशुपालन, मछली पालन एवं उद्यानिकी क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया जाता है। ठीक इसी तरह पूसा कृषि मेला में भी भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा किसानों को नवाचारों तथा व्यावहारिक कृषि प्रौद्योगिकियों एवं तकनीकों को विकसित और प्रसारित करनेवाले प्रतिभावान किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग 25-30 उन्नतशील किसानों को उनके नवाचार सृजन और प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए भी इच्छुक किसान आवेदन कर सकते हैं।
पूसा कृषि मेला कहाँ आयोजित किया जाएगा?
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) पूसा, नई दिल्ली द्वारा साल में एक बार कृषि विज्ञान मेले का आयोजन किया जाता है, जिसकी राह किसान बेसब्री से देखते हैं। इस बार भी यह कृषि मेला 24, 25 और 26 फ़रवरी 2025 के दौरान 3 दिनों के लिए लगाया जाएगा। मेले का आयोजन मेला ग्राउंड, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली में किया जाएगा। जिसमें देशभर के किसान हिस्सा ले सकते हैं। मेले की अधिक जानकारी के लिए किसान 011-25841039 पर या संस्थान की मेल आईडी incharge_atic@iari.res.in पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं कृषि विज्ञान मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी iari.res.in पर देखी जा सकती है।