इस साल मानसून समय से बहुत पहले केरल, बंगलौर, मुंबई सहित कई क्षेत्रों में पहुंच गया है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है की इस साल मानसून सीजन यानि की जून से सितंबर महीने के दौरान बारिश कैसी रहेगी। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग IMD ने अपना दूसरा पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने अपने दूसरे पूर्वानुमान में बताया कि इस वर्ष पूरे देश में मानसून सीजन 2025 (जून से सितंबर) के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन के दौरान पूरे देश में दीर्घावधि औसत LPA का 106 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है, जो कि सामान्य से अधिक है। वहीं जून से सितंबर महीने के दौरान देशभर में दीर्घावधि औसत LPA का 104 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। इसमें 4 प्रतिशत की कम या ज़्यादा की मॉडल त्रुटि हो सकती है। इससे पहले मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान में दीर्घावधि औसत LPA की 105 प्रतिशत बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई थी। जिसमें भी पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान लगाया गया था।
इन राज्यों में होगी अच्छी बारिश
भारत मौसम विभाग के मुताबिक इस साल देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। इसमें जून से सितंबर महीने के दौरान मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में सामान्य से अधिक, दीर्घावधि औसत एलपीए का 106 प्रतिशत; उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य, एलपीए का 92 से 108 प्रतिशत तक और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से नीचे दीर्घावधि औसत LPA का 94 प्रतिशत बारिश होने की संभावना बताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है सिवाय उत्तर-पश्चिम भारत के उत्तरी भागों और पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर जहाँ सामान्य लेकर सामान्य से नीचे वर्षा होने की संभावना है।

Source: IMD
जैसा की ऊपर चित्र में नीले रंगों से देखा जा सकता है, इस साल केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, गोवा, तेलंगाना, उड़ीसा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, पश्चिमी झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं चित्र में पीले रंगों से दर्शाये गए क्षेत्रों जिनमें, बिहार, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर राज्यों के कई क्षेत्र शामिल है, में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।
जून महीने में कैसी होगी बारिश
मौसम विभाग ने जून महीने के लिए भी वर्षा का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल जून महीने के दौरान पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है, जो दीर्घावधि औसत LPA का 108 प्रतिशत है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है सिवाय उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों और पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों को छोड़कर, जहाँ सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

Source: IMD
जैसा की चित्र में नीले रंगों से देखा जा सकता है, जून महीने में केरल, आंध्र प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक, गोवा, तेलंगाना, उड़ीसा, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है। वहीं चित्र में हरे और पीले रंगों से दर्शाये गए क्षेत्रों सामान्य या सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। जिनमें तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक, महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों, राजस्थान के कुछ हिस्सों, पंजाब, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्से शामिल हैं।