28.6 C
Bhopal
बुधवार, जुलाई 9, 2025
होमकिसान समाचारइथेनॉल बनाने के लिए होगी मक्का की खरीद, किसानों को MSP...

इथेनॉल बनाने के लिए होगी मक्का की खरीद, किसानों को MSP के साथ ही मिलेगा बोनस

इथेनॉल बनाने के लिए माँ दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित द्वारा मक्का की खरीद भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य MSP 2225 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी। इसके अलावा किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विकासखंड के अनुसार बोनस राशि का भी भुगतान किया जाएगा।

मक्का की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मक्का से इथेनॉल बनाने के लिए किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य यानि की MSP पर मक्का की खरीद की जाएगी साथ ही किसानों को MSP के अतिरिक्त बोनस राशि भी दी जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की माँ दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी समिति मर्यादित, कोण्डागांव द्वारा ईथेनॉल निर्माण के लिए मक्का खरीदी प्रक्रिया हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से प्राप्त आबंटन के आधार पर समिति को 25,000 क्विंटल मक्का की आवश्यकता है, जिसकी खरीदी संस्था के अंशधारी किसान सदस्यों से की जाएगी। इसके लिए किसानों को टोकन वितरित करने का काम 19 जून 2025 से शुरू किया जाएगा।

किसानों को मक्का के MSP पर मिलेगा बोनस

समिति द्वारा मक्का की खरीदी भारत सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 हेतु घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य 2225 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसानों को प्रोत्साहन राशि के रूप में अतिरिक्त बोनस राशि भी दी जाएगी। किसानों को यह बोनस राशि का भुगतान विकासखण्ड के अनुसार किया जाएगा। इसमें कोण्डागांव एवं माकड़ी के लिए 40 रुपए क्विंटल, फरसगांव हेतु 50 रुपये क्विंटल तथा केशकाल एवं बड़ेराजपुर के किसानों को 60 रुपये क्विंटल अतिरिक्त दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:  किसानों को मूंग के मिलेंगे उचित भाव, मॉडल दरें बढ़ाकर की जाएगी 7500 रुपए प्रति क्विंटल: मुख्यमंत्री

यह सुनिश्चित करने हेतु कि सभी अंशधारी किसानों को समान अवसर मिले, प्रति एकड़ अधिकतम 10 क्विंटल मक्का ही खरीदी जाएगी। मक्का की खरीदी सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक ग्राम कोकोड़ी स्थित ईथेनॉल प्लांट में की जाएगी।

19 जून से दिए जाएंगे टोकन

किसानों से मक्का खरीदी के लिए टोकन 19 जून 2025 से जारी किए जाएंगे। टोकन वितरण का काम सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। जिले के पाँचों विकासखण्डों में चिन्हित 2-2 आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों (लैम्प्स) से टोकन वितरित किए जाएंगे। टोकन वितरण केंद्र कोण्डागांव, दहीकोंगा, माकड़ी, अमरावती, फरसगांव, बड़ेडोगर, केशकाल, धनोरा, बड़ेराजपुर, सलनास्थित लैंप्स को बनाया गया है।

टोकन लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज

MSP पर मक्का बेचने के साथ ही बोनस प्राप्त करने के लिए किसानों को ऊपर दी गई सहकारी समितियों से टोकन लेना होगा। टोकन लेने के किसानों को ऋण पुस्तिका, शेयर सर्टिफिकेट या शेयर क्रय की रसीद, आधार कार्ड, बैंक पासबुक आदि दस्तावेजों की छायाप्रति अपने साथ ले जाना होगा। टोकन में किसान को मक्का विक्रय की तिथि एवं मात्रा की स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। मक्का की खरीदी केवल निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही की जाएगी। खरीदी के लिए मक्का को “औसत अच्छी किस्म” की श्रेणी में आना आवश्यक है, जिसके अंतर्गत निम्न मापदंड निर्धारित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें:  इस वर्ष की जाएगी 470 मिट्टी जांच प्रयोगशालाओं की स्थापना, किसानों को किया जाएगा जिंक और बोरॉन का वितरण

समिति द्वारा मक्का खरीद के लिए मापदंड तय कर दिए गए हैं। जिसके अनुसार मक्का की उपज में न्यूनतम स्टार्च की मात्रा 58 प्रतिशत, अधिकतम नमी 14 प्रतिशत, काला मक्का 1.3 प्रतिशत तक कोई कमी नहीं की जाएगी। मक्का का विक्रय 50 किलोग्राम के बारदानों में किया जाएगा। किसानों को मक्का विक्रय की राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से 7 कार्य दिवसों के भीतर किया जाएगा। किसान जिले की आधिकारिक वेबसाइट से किसान अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Install APP
Join WhatsApp

Must Read

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
यहाँ आपका नाम लिखें

Latest News