किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके इसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य यानि की MSP पर की जाती है। इस कड़ी में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य में पहली बार किसानों से सीधे रबी सीजन की मक्का खरीद करने जा रही है। मक्का की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद 15 जून से प्रारंभ की जा चुकी है, जो 31 जुलाई 2025 तक चलेगी। खरीद केंद्रों पर मक्का खरीद का काम सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
किसानों से मक्का की खरीद केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य MSP 2225 रुपए प्रति क्विंटल पर की जाएगी। पिछले दिनों ओरैया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मक्का किसानों से बात की थी और उन्हें आश्वस्त किया था कि सरकार किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदेगी।
इन जिलों में की जाएगी मक्का की MSP खरीद
योगी सरकार अधिक मक्का उत्पादन वाले जनपदों से मक्का की खरीद करेगी। इसमें बुलंदशहर, बदायूं, अलीगढ़, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, ओरैया, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद, बहराइच, बलिया, गोंडा, संभल, रामपुर, अयोध्या एवं मिर्जापुर जनपद शामिल हैं। समर्थन मूल्य पर मक्का बेचने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा जिसके बाद ही सरकार पंजीकृत किसानों से मक्का की खरीद करेगी।
MSP पर मक्का बेचने के लिए किसान पंजीयन
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मक्का बेचने के लिए किसान को fsc.up.gov.in पर अथवा UP Kisan Mitra मोबाइल एप पर पंजीयन कराना होगा। सरकार ने मक्का की बिक्री हेतु OTP आधारित पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। किसान भाई पंजीकरण हेतु वर्तमान मोबाइल नंबर ही अंकित करायें और SMS द्वारा भेजे गए OTP भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया को पूर्ण करें। इसके अलावा किसान का बैंक खाता आधार सीडेड (अर्थात् बैंक खाता आधार से जुड़ा हो) एवं बैंक द्वारा NPCI पोर्टल पर मैप्ड एवं सक्रिय होना चाहिए। मक्का खरीद का भुगतान किसानों को सीधे PMFS के माध्यम से आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए नॉमिनी की व्यवस्था भी की गई है।
किसान मक्का उपार्जन से संबंधित किसी भी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-150 पर या संबंधित जनपद के जिला खाद्य विपणन अधिकारी, तहसील के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी या ब्लॉक के विपणन निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं।