29 जून से देश भर में विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की जा चुकी है, अभियान के तहत देश भर के कृषि वैज्ञानिक गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद करेंगे। इस कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस साल मानसून में बारिश को लेकर बड़ी बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हमारे सामने जलवायु परिवर्तन एक बड़ी चुनौती है।
उन्होंने कहा कि इस साल मानसून लगभग 20 दिन पहले ही दस्तक दे रहा है। ऐसे में यह संभावना है कि बीच में एक ऐसा समय भी आएगा जब सूखा पड़ेगा। यह लगभग डेढ़ से दो महीने का समय होगा। उसके बाद फिर बारिश आएगी। उस समय की चुनौती का सामना हम किस प्रकार करेंगे, इसकी रणनीति भी हमें तैयार करनी होगी।
देरी से बुआई करने पर घटता है उत्पादन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन कृषि उत्पादन पर भी असर डालता है। यदि समय पर खेतों में अच्छे किस्म का बीज बो दिया जाए, तो अच्छा उत्पादन होता है। यदि बुआई में एक महीना विलंब हो तो उत्पादन में लगभग 30 प्रतिशत का अंतर आता है। इसलिए किसानों को ध्यान रखना होगा कि यदि देर से बुआई कर रहे हैं, तो उस प्रकार के बीजों का प्रयोग करें। अच्छा बीज किसानों को समय से मिल सके इसके लिए तैयारी करनी होगी। इस क्षेत्र में कौन सी संभावनाएं हैं इसकी जानकारी भी किसानों को उपलब्ध करानी होगी।
अभियान में किसानों को दी जाएगी यह जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 जून तक यह अभियान चलाया जाएगा। इसमें आईसीएआर, देश के कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि विश्वविद्यालय, कृषि वैज्ञानिक और कृषि विभाग से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी किसानों को खेती-किसानी के बारे में आधुनिक जानकारी उपलब्ध कराएँगे। कृषि वैज्ञानिक स्थानीय क्लाइमेटिक जोन तथा भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप बीजों, फसलों तथा बुआई के लिए उपयुक्त सही समय आदि के संबंध में किसानों को जानकारी देंगे। अन्नदाता किसानों को इस बात की भी जानकारी भी देंगे की जल्दी तथा देर से बुआई का क्या असर पैदावार पर पड़ सकता है।
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत 15 दिवसीय कार्यक्रम से उत्तर प्रदेश के सभी 89 कृषि विज्ञान केंद्रों, 826 विकासखंड मुख्यालयों और 8137 किसान कल्याण केंद्रों को जोड़कर व्यापक योजना बनाई गई है। इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश के साथ ही पूरे देश में कृषि के क्षेत्र में एक नया क्रांतिकारी परिवर्तन हम सभी को देखने को मिलेगा। विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में विकसित कृषि संकल्प अभियान निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेगा।
इस अवसर मुख्यमंत्री ने पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी कृषि विज्ञान केंद्रों एवं अन्नदाता किसान जुड़े रहे।