किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रतिवर्ष देश में उपजाई जाने वाली प्रमुख फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी किए जाते हैं। वहीं गन्ना की खेती करने वाले किसानों को गन्ने के बाजिव दाम दिलाने के लिए सरकार गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य यानी की FRP जारी करती है। इस कड़ी में आज 30 अप्रैल 2025 के दिन केंद्र सरकार ने गन्ना सीजन 2025-26 के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य FRP जारी कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए 2025-26 (अक्टूबर-सितंबर) सीजन के लिए गन्ने का उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) 355 रुपए प्रति क्विंटल स्वीकृत किया है। सरकार ने इस वर्ष गन्ने के FRP में 15 रुपए की वृद्धि की है। पिछले वर्ष 2024-25 में गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य 340 रुपये प्रति क्विंटल था।
किसानों को दिया जाएगा 3.46 रुपये का प्रीमियम
सरकार ने गन्ना पेराई सीजन 2025-26 (अक्टूबर-सितंबर) के लिए वसूली दर 10.25 प्रतिशत रखी गई है जिसमें 10.25 प्रतिशत से अधिक वसूली में प्रत्येक 0.1 प्रतिशत की वृद्धि के लिए 3.46 रुपए प्रति क्विंटल का प्रीमियम प्रदान किया जाएगा तथा वसूली में प्रत्येक 0.1 प्रतिशत की कमी के लिए एफआरपी में 3.46 रुपए प्रति क्विंटल की कमी की जाएगी। वहीं जिन चीनी मिलों की वसूली 9.5 प्रतिशत से कम है, उनके मामले में कोई कटौती नहीं की जाएगी। ऐसे किसानों को 2025-26 के आगामी सीजन में गन्ने के लिए 329.05 रुपए प्रति क्विंटल मिलेंगे।
173 रुपए प्रति क्विंटल है गन्ने की उत्पादन लागत
सरकार के मुताबिक 2025-26 सीजन के लिए गन्ने की उत्पादन लागत (A2+FL) 173 रुपए प्रति क्विंटल है। 10.25 प्रतिशत की रिकवरी दर पर 355 रुपए प्रति क्विंटल का यह एफआरपी उत्पादन लागत से 105.2 प्रतिशत अधिक है। 2025-26 सीजन के लिए एफआरपी, मौजूदा 2024-25 सीजन से 4.41 प्रतिशत अधिक है। यह स्वीकृत एफआरपी चीनी मिलों द्वारा 2025-26 (1 अक्टूबर, 2025 से शुरू) सीजन में किसानों से गन्ने की खरीद के लिए लागू होगी।
गन्ना किसानों को किया गया भुगतान
सरकार के मुताबिक पिछले 2023-24 सीजन में देय 1,11,782 करोड़ रुपए के बकाये में से 28 अप्रैल 2025 तक किसानों को लगभग 1,11,703 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इस प्रकार 99.92 प्रतिशत बकाये का भुगतान किया जा चुका है। चालू सीजन 2024-25 में देय 97,270 करोड़ रुपए के बकाये में से 28 अप्रैल 2025 तक किसानों को लगभग 85,094 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इस प्रकार 87 प्रतिशत गन्ना बकाये का भुगतान किया जा चुका है।




dilshadkhan60076@gmail.com