देश के किसानों के लिए खुशखबरी के साथ ही राहत भरी खबर है। इस साल मानसून सीजन में भरपूर बारिश होगी। आज यानि की 15 अप्रैल के दिन भारत मौसम विभाग (IMD) ने मानसून सीजन 2025 के लिए अपना पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन 2025 के दौरान पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस साल मानसून सीजन में जून से सितंबर महीने के दौरान दीर्घ अवधि औसत यानि LPA के 105 प्रतिशत वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग की मानें तो इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून जो कि जून से सितंबर महीने तक एक्टिव रहेगा में ऋतुनिष्ठ वर्षा सामान्य से अधिक होने की संभावना है। मात्रात्मक रूप से पूरे देश में LPA का 105 प्रतिशत वर्षा होने की संभावना है, जिसमें ±5 प्रतिशत तक की त्रुटि हो सकती है। बता दें की 1971 से 2020 की अवधि के लिए पूरे देश में ऋतुनिष्ठ वर्षा का एलपीए 87 सेमी है।
मानसून सीजन में इन राज्यों में होगी अधिक बारिश
वहीं देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसूनी बारिश की बात की जाए तो इस साल देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। केवल उत्तर पश्चिम भारत, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से नीचे वर्षा हो सकती है।

जैसा की चित्र में नीले रगों से दर्शाए गए क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। इसमें तटीय केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और बिहार के कुछ क्षेत्र शामिल है। वहीं चित्र में पीले रंगों से दिखाए गए क्षेत्रों जिसमें तमिलनाडु, जम्मू कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
मई महीने में जारी होगा दूसरा पूर्वानुमान
वर्ष 2003 से ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) पूरे देश में दक्षिण पश्चिम मानसून वर्षा के लिए दीर्घावधि LRF जारी करता है। इसमें पहले चरण का पूर्वानुमान अप्रैल में जारी किया जाता है तो वहीं दूसरा पूर्वानुमान मई महीने के अंत तक जारी किया जाता है। इसके अलावा वर्ष 2021 से IMD देश भर में दक्षिण पश्चिम मानसून वर्षा के लिए हर महीने पूर्वानुमान जारी करता है। मौसम विभाग द्वारा 15 अप्रैल के दिन मानसून सीजन 2025 का पहला पूर्वानुमान जारी किया गया है।