बीते कुछ दिनों से देश के कई राज्यों में आंधी, बारिश के साथ ही ओला वृष्टि हुई है। जिससे किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। जिसको देखते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार 12 अप्रैल के दिन कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई आंधी और असमय बारिश के कारण किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। ऐसे में सभी जिलों के जिलाधिकारियों से भौतिक सत्यापन कर वास्तविक फसल क्षति का आंकलन करने को कहा गया है।
इसके आधार पर सरकार किसानों को मुआवजा एवं अन्य सहायता देने की व्यवस्था करेगी। जिलों से फसल क्षति की रिपोर्ट आते ही प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता देने की त्वरित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वेक्षण करें। नुकसान का विस्तृत आंकलन कर मुख्यालय को शीघ्र सूचित करें। इसके आधार पर सरकार किसानों के लिए मुआवजा एवं अन्य सहायता की व्यवस्था करेगी। मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई आंधी और असमय वर्षा के कारण फसलों को क्षति पहुँचने की आशंका है।
इन फसलों को हुआ है नुकसान
कृषि मंत्री ने बताया कि अभी असमय बारिश एवं आंधी से गेहूं, गरमा मूंग, उड़द, तिल मक्का, मूंगफली, पान, अरहर, केला, प्याज, समेत कई उद्यानिकी फसलों के प्रभावित होने की आशंका है। इनमें से कई फसलें कटाई के बिल्कुल निकट थीं, इस कारण नुकसान ज़्यादा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति का गहनता से मूल्यांकन कर रही है। आवश्यक राहत एवं सहायता कार्यों की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
आपदा और अवसर दोनों में राज्य के किसानों के साथ सरकार खड़ी है। किसी भी स्थिति में हम अन्नदाताओं का अहित नहीं होने देंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्षम नेतृत्व में राज्य की सरकार किसानों को हरसंभव सहायता पहुंचाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनके नुकसान का उचित मुआवजा मिले।