28.6 C
Bhopal
सोमवार, मार्च 17, 2025
होमकिसान समाचार27 फ़रवरी से यहां लगेगा डेरी मेला एवं एग्री एक्सपो, किसानों...

27 फ़रवरी से यहां लगेगा डेरी मेला एवं एग्री एक्सपो, किसानों को उन्नत पशु नस्लों के साथ ही मिलेगी यह जानकारी

देश में किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें नई तकनीकों से अवगत करवाने के लिए कृषि विभाग और कृषि विश्वविद्यालयों के द्वारा समय-समय पर किसान मेलों का आयोजन किया जाता है। जिनमें किसानों को आज के समय की नई उन्नत तकनीकों के साथ ही उनका लाभ किसान कैसे लें इसकी जानकारी दी जाती है। इस कड़ी में 27 फ़रवरी से राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल (ICARNDRI) हरियाणा में “राष्ट्रीय डेरी मेला एवं एग्री एक्सपो 2025” का आयोजन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय डेरी मेला और एग्री एक्सपो 2025 का आयोजन 27 फ़रवरी से 1 मार्च 2025 के दौरान 3 दिनों के लिए किया जाएगा। मेले में दुग्ध प्रतियोगिताएं, सफल कृषि एवं डेरी उद्यमों की प्रदर्शनी और पशु सौंदर्य का आयोजन किया जाएगा। साथ ही किसानों को डेरी, पशुपालन और कृषि से जुड़ी सभी जानकारी दी जाएगी।

डेरी मेला एवं एग्री एक्सपो में यह रहेगा ख़ास

राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान द्वारा आयोजित किया जा रहा यह मेला किसानों और पशुपालकों दोनों के लिए ही ख़ास रहने वाला है। मेले में जहाँ पशुपालन के लिए उन्नत नस्लों, पशु चारा, पशुओं के रोग, डेरी स्थापना आदि के बारे में जानने को मिलेगा वहीं किसानों को फ़सलों की उन्नत किस्मों कृषि क्षेत्र की नई प्रौद्योगिकी के बारे में भी जानने का अवसर मिलेगा। आइए जानते हैं राष्ट्रीय डेरी मेला एवं एग्री एक्सपो 2025 में क्या रहेगा ख़ास:-

  • दुधारू पशुओं की नस्लों की जानकारी।
  • साहीवाल, गिर, थारपारकर, संकर नस्ल की गायों एवं मुर्रा भैसों की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताएँ।
  • नवीन तकनीकियों से पशुओं के गाभिन होने की पहचान।
  • क्लोन पशुओं की तकनीक का प्रदर्शन।
  • संतुलित पशु आहार बनाना।
  • सूखे चारे की पौष्टिकता बढ़ाने एवं साइलेज बनाने की विधि।
  • फसलों के उन्नत किस्मों के बीजों का प्रदर्शन।
  • हरे चारे की उत्पादन तकनीक।
  • संसाधन संरक्षण तकनीकों द्वारा उन्नत खेती।
  • दूध और दूध उत्पादों में मिलावट की जाँच के लिए किट का प्रदर्शन।
  • पेपर स्ट्रिप के द्वारा पशुओं में थनैला रोग की पहचान।
  • दूध में पेस्टीसाइड तथा एंटीबायोटिक के अवशेष की शीघ्रता से पहचान की किट का प्रदर्शन।
  • नवीनतम दूध उत्पादों का प्रदर्शन।
  • कृषि एवं डेयरी उद्यमशीलता विकास हेतु जानकारी।
  • कृषि एवं डेरी उत्पाद बनाने के उन्नत उपकरणों की जानकारी।
  • सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमियों द्वारा प्रदर्शनी तथा किसानों का उद्यमियों के साथ संवाद।
  • किसान एवं वैज्ञानिक विचार मंथन।
  • मछली पालन इकाई, मधुमक्खी पालन इकाई, पशुपालन फार्म का भ्रमण।
  • महिलाओं द्वारा पशुओं का दूध दोहन एवं पनीर बनाने की प्रतियोगिता।
  • कृषि एवं पशुपालन की नवीनतम प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन।
यह भी पढ़ें:  12 साल बाद किसानों को इस बैंक से मिलेगा लम्बी अवधि के लिए ऋण

डेरी मेला और एग्री एक्सपो का आयोजन कहाँ किया जाएगा?

राष्ट्रीय डेरी मेला एवं एग्री एक्सपो 2025 का आयोजन हरियाणा के राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान, करनाल (ICAR-NDRI) में तीन दिनों के लिए किया जाएगा। मेले में जो पशुपालक विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहते हैं वे 27 फ़रवरी 2025 तक अपने पशुओं का पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं 28 फ़रवरी किसान संगोष्ठी एवं 1 मार्च के दिन पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा। मेले में पशुओं के लिए दाना व चारा संस्थान की तरफ से निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। मेले से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान 0184-2259210, 2259220 पर संपर्क कर सकते हैं।

download app button
whatsapp channel follow

Must Read

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
यहाँ आपका नाम लिखें

Latest News